Twitter ने Doge लोगो को हटाया, ऑफिशियल Blue Bird लोगो की हुई वापसी

एलन मस्क (Elon Musk) के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (Twitter) को खरीदने के बाद से ही इसमें अब तक कई बदलाव किए जा चुके हैं। एलन ने 27 अक्टूबर, 2022 को 44 बिलियन डॉलर्स में ट्विटर का टेकओवर किया था। पिछले 5 महीने में अब तक ट्विटर में कई बदलाव किए जा चुके हैं। इनमें से कुछ बदलाव ऐसे भी हैं जो किसी को पसंद नहीं आए हैं। इन्हीं में से एक है ट्विटर का लोगो बदलना। कुछ दिन पहले ही एलन ने ट्विटर के ऑफिशियल बर्ड लोगो को बदल दिया था। एलन ने इसकी जगह क्रिप्टो करेंसी डॉजकॉइन (Dogecoin) के Doge मीम को ट्विटर का लोगो बना दिया। कई लोगों ने इसका विरोध भी किया, पर इसके बावजूद एलन ने अपने मन की ही की। पर अब ट्विटर के लोगो को एक बार फिर बदल दिया गया है।

Twitter Bird की हुई वापसी

ट्विटर के लोगो के तौर पर अब Doge को हटा दिया गया है। इसकी जगह एक बार फिर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के ऑफिशियल और ओरिजिनल बर्ड लोगो ने ले ली है। ट्विटर का ब्लू बर्ड (Twitter Blue Bird) लोगो शुरू से ही ट्विटर का लोगो है। इसे अमरीका (United States of America) के पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी लैरी बर्ड (Larry Bird) के नाम पर रखा गया था।



यह भी पढ़ें- Twitter Verified ने हटाएं 4.2 लाख लेगेसी अकाउंट्स, जल्द हो सकता है लेगेसी ब्लू टिक का अंत

क्यों बदला था Elon ने Twitter का लोगो?

एलन ने ट्विटर के ब्लू बर्ड लोगो को किस वजह से बदला था, इस बात की उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी। हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि एलन ने सिर्फ मज़ाक के तौर पर ट्विटर के ब्लू बर्ड लोगो को हटाकर Doge मीम लोगो लगा दिया था। एलन ने इस बारे में कुछ मीम्स भी अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की थी।

एलन ने जब ट्विटर को खरीदा भी नहीं था, तब एक यूज़र ने उन्हें ट्विटर को खरीद कर Doge को उसका लोगो बनाने के लिए सुझाव दिया था। एलन ने उस कंवर्शेशन का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है।

कुछ लोगों का यह भी मानना है कि डॉजकॉइन के इंवेस्टर्स ने एलन के खिलाफ जो मुकदमा कर रखा है, उसी से ध्यान भटकाने के लिए एलन ने ट्विटर के लोगो को कुछ समय के लिए बदल दिया था।

यह भी पढ़ें- Twitter अल्गोरिथम हुआ ओपन सोर्स, बढ़ेगी पारदर्शिता



Source: Mobile Apps News